चम्पावत 07 मई 2026
*मानसून अवधि में जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता, सभी विभाग सतर्क रहें : जिलाधिकारी*
*मानसून से पूर्व सभी विभाग तैयार रहें: जिलाधिकारी*
मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने एवं विभागीय तैयारियों की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून से पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश देते हुए आपदा प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को जनपद में सिल्टेशन प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण करते हुए आवश्यकतानुसार नियमानुसार ड्रेजिंग एवं चैनलाइजेशन कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए।
समस्त सड़क एजेंसियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नालों की सफाई, झाड़ियों के कटान तथा जलभराव की संभावित समस्या वाले क्षेत्रों में पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी सड़क एजेंसियों को क्षतिग्रस्त मार्गों का समय रहते सुधारीकरण करने तथा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में जेसीबी मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वैकल्पिक मार्गों का चयन एवं उनका आवश्यक सुधार कार्य भी समय से पूर्ण करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संभावित खतरे वाले क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर जल प्रवाह में अवरोध बनने वाली अवसंरचनाओं को हटाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पतालों में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही जनपद में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर रोगियों, दिव्यांगजनों एवं अन्य संवेदनशील व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निराश्रित पशुओं की सुरक्षा एवं संरक्षण हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पेयजल विभाग को क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने तथा विद्युत विभाग को ढीले तारों एवं क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।



