विधानसभा निर्वाचन की तैयारियां शुरू, लोहाघाट और चम्पावत के सेक्टर अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित*

चम्पावत,

 

*विधानसभा निर्वाचन की तैयारियां शुरू, लोहाघाट और चम्पावत के सेक्टर अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित*

 

*मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप और बिजली की उपलब्धता का सत्यापन करेंगे सेक्टर अधिकारी*

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मंगलवार को जिला सभागार में सेक्टर अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी / उपजिलानिर्वाचन अधिकारी केएन गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित प्रथम सत्र में 54-लोहाघाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के समस्त जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) के रूप में प्रतिभाग किया। सहायक नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) विम्मी जोशी ने सत्र का संचालन करते हुए सेक्टर अधिकारियों को उनके दायित्वों और क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान ध्यान रखे जाने वाले बिंदुओं की जानकारी दी।

 

प्रशिक्षण में वल्नरेबिलिटी मैपिंग पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत सेक्टर अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों, बस्तियों और मतदाताओं की पहचान करने की प्रक्रिया समझाई गई, जहां भय, दबाव या धमकी के कारण स्वतंत्र रूप से मतदान करने में बाधा आ सकती है। समय रहते ऐसे मामलों की जानकारी मिलने से निर्वाचन प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने और मतदाताओं के लिए निर्भय वातावरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

 

मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाओं के सत्यापन के लिए अधिकारियों को पेयजल, शौचालय, रैंप, विद्युत व्यवस्था और मतदान केंद्र तक पहुंच मार्ग की स्थिति जांचने के बिंदु बताए गए। केंद्र के प्रवेश द्वार और रैंप का निरीक्षण करते समय बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखने पर जोर दिया गया। समय पर निरीक्षण से व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिए संबंधित विभागों को पर्याप्त समय मिल सकेगा।

 

अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने सेक्टर अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में पूर्व में निर्वाचन दायित्व निभा चुके अधिकारियों के साथ पहली बार नियुक्त सेक्टर अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। अभिमुखीकरण से अधिकारियों को अपने क्षेत्र में मतदान केंद्रों की स्थिति का आकलन करने और निरीक्षण में सामने आए बिंदुओं को निर्वाचन प्रशासन के संज्ञान में लाने की प्रक्रिया समझने में मदद मिली।

 

इसी क्रम में अपराह्न में 55-चम्पावत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सेक्टर अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण भी जिला सभागार में आयोजित किया गया। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्रों की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाना और मतदाताओं के लिए सुगम, शांतिपूर्ण एवं निर्भय मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

 

इस दौरान डीएफओ धिनो पुरुषोत्तम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी,जोनल ऑफिसर वसुंधरा गर्ब्याल,जोनल ऑफिसर सुनील दत्ताल, अधिशासी अभियंता अशोक स्वरुप, डीएचओ योगेश भट्ट,जोनल ऑफिसर अजिता दीक्षित सहित सभी जोनल एवं सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement