राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2026 दृष्टिगत चंपावत में केंद्रीय टीम ने किया धरातलीय कार्यों का गहन भौतिक सत्यापन*

चम्पावत ,

 

*राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2026 दृष्टिगत चंपावत में केंद्रीय टीम ने किया धरातलीय कार्यों का गहन भौतिक सत्यापन*

 

*जल संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में चंपावत की राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत दावेदारी, केंद्रीय दल ने परखे कार्य*

 

जल संरक्षण, संवर्धन और प्रभावी जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद चंपावत ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त दावेदारी प्रस्तुत की है।

 

भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग द्वारा आयोजित 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार (National Water Awards) 2026 के लिए चंपावत जनपद का चयन अंतिम चरण के भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) हेतु किया गया है। स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा शॉर्टलिस्ट किए जाने के पश्चात, अब केंद्रीय टीम की इस भौतिक सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही निर्णायक समिति (जूरी) द्वारा अंतिम विजेताओं का चयन किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद स्तरीय ‘सारा’ (SARRA) टीम द्वारा केंद्रीय निरीक्षण दल को जनपद में संचालित विभिन्न जल संरक्षण परियोजनाओं का स्थलीय भ्रमण कराया गया।

 

केंद्रीय जल आयोग (CWC) टनकपुर के उपमंडल अभियंता (SDE) श्री सोनू कुमार एवं कनिष्ठ अभियंता (JE) श्री मनीष कुशवाह की सदस्यता वाले केंद्रीय दल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कार्यों की धरातलीय गुणवत्ता (ग्राउंड ट्रुथिंग) का गहन मूल्यांकन किया।

 

निरीक्षण की शुरुआत टनकपुर क्षेत्र में हुड्डी नदी से की गई, जहाँ सिंचाई विभाग द्वारा नदी संरक्षण हेतु संपादित किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया गया। इसके उपरांत दल ने पेयजल निर्माण निगम द्वारा श्यामलाताल झील के संरक्षण हेतु किए गए कार्यों तथा श्यामलाताल स्थित मायावती आश्रम में निर्मित व्यक्तिगत वर्षा जल संरक्षण टैंक की उपयोगिता को परखा।

 

भ्रमण के अगले चरण में केंद्रीय टीम ने ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जौल क्षेत्र में जल संचय की दिशा में निर्मित चाल-खाल, खंती एवं वृक्षारोपण कार्यों का जायजा लिया, जिसके पश्चात झालाकुड़ी में लघु डाल खंड द्वारा निर्मित सिंचाई लिफ्ट योजना की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया।

 

इस व्यापक निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने जिले के पारंपरिक जल स्रोतों (नौलों और धारों) के पुनर्जीवन व पुनरुद्धार की वास्तविक स्थिति, वर्षा जल संचयन, अमृत सरोवरों के निर्माण तथा जल जीवन मिशन के तहत हुए कार्यों में स्थानीय जनभागीदारी की गहन समीक्षा की। साथ ही, ऑनलाइन आवेदन में प्रस्तुत किए गए विभागीय आंकड़ों का जमीनी हकीकत और संबंधित दस्तावेजों के साथ बारीकी से मिलान किया गया।

 

इस संपूर्ण स्थलीय निरीक्षण के अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह दिगारी, खंड विकास अधिकारी श्री रमेश चंद्र जोशी, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता श्री मनोज तिवारी व कनिष्ठ अभियंता श्री मनोज भट्ट, उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम के अपर सहायक अभियंता श्री दिनेश चंद्र भट्ट सहित संबंधित ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी तथा जिला ‘सारा’ (SARRA) टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement