चम्पावत ,
*सुई गांव में गुलदार की सक्रियता पर वन विभाग सतर्क; 24 घंटे गश्त के साथ लगाए गए पिंजरे व कैमरा ट्रैप*
*जनसुरक्षा को लेकर वन विभाग मुस्तैद गुलदार को पकड़ने के लिए विशेष टीम तैनात, नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील*
लोहाघाट के सुई गांव में हाल ही में हुई गुलदार के हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के उपरांत वन विभाग द्वारा क्षेत्र में त्वरित एवं प्रभावी सुरक्षात्मक कदम उठाए गए हैं।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) श्री ढीनो पुरुषोत्तम ने अवगत कराया कि प्रभावित क्षेत्र में वन्यजीव की गतिविधियों पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा गुलदार को शीघ्र पकड़ने के लिए विभाग द्वारा पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और गुलदार को रेस्क्यू करने के उद्देश्य से वन विभाग की एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो क्षेत्र में चौबीसों घंटे (24×7) सघन गश्त कर रही है। गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने और उसे जल्द से जल्द पिंजरे में कैद करने के लिए मौके पर 5 पिंजरे तथा लगभग 15 कैमरा ट्रैप स्थापित किए गए हैं, जहां वन विभाग का स्टाफ पूरी मुस्तैदी के साथ फील्ड में तैनात है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और वन विभाग आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान शीत ऋतु के दृष्टिगत वन्यजीवों की बढ़ी हुई सक्रियता को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी श्री ढीनो पुरुषोत्तम ने आम जनमानस से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे शाम के समय जंगल के समीपवर्ती क्षेत्रों अथवा सुनसान इलाकों में अकेले आवाजाही करने से पूर्णतः बचें। इसके अतिरिक्त, वन्यजीवों के छिपने के संभावित ठिकानों को समाप्त करने के लिए अपने आवासीय परिसरों के आसपास उगी झाड़ियों और घास-फूस की नियमित रूप से साफ-सफाई रखें। वन विभाग इस संवेदनशील स्थिति से निपटने और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
Jaya punetha editor in chief.




