स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश हेतु प्रारंभिक चयन ट्रायल सम्पन्न, 46 में से 38 खिलाड़ी फाइनल ट्रायल के लिए चयनित ।

Spread the love

चम्पावत 22 मई 2026

*स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश हेतु प्रारंभिक चयन ट्रायल सम्पन्न, 46 में से 38 खिलाड़ी फाइनल ट्रायल के लिए चयनित*

*बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट हेतु 30 में से 28 बालिकाओं ने बनाई अंतिम चरण में जगह*

महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ एवं बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में कक्षा-6 में प्रवेश हेतु जनपद चम्पावत के छमनिया, लोहाघाट स्टेडियम में प्रारंभिक चयन ट्रायल्स आयोजित किए गए।

तीनों स्पोर्ट्स कॉलेजों के लिए आयोजित इस चयन प्रक्रिया में कुल 46 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 38 खिलाड़ियों का चयन अंतिम ट्रायल हेतु किया गया। चयनित अभ्यर्थी अपने द्वारा आवेदन किए गए संबंधित स्पोर्ट्स कॉलेजों में निर्धारित तिथियों पर खेलवार अंतिम चयन ट्रायल देंगे।

विभिन्न खेल विधाओं में चयन की स्थिति इस प्रकार रही — एथलेटिक्स में 25 प्रतिभागियों में से 22, बैडमिंटन में 10 में से 10, बॉक्सिंग में 2 में से 1, क्रिकेट में 6 में से 2, फुटबॉल में 2 में से 2 तथा वॉलीबॉल में 1 में से 1 खिलाड़ी अंतिम चरण हेतु चयनित हुए।

उक्त चयन में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट के लिए आयोजित प्रथम चरण के ट्रायल में कुल 30 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 28 बालिकाओं का चयन फाइनल ट्रायल हेतु किया गया। चयनित बालिकाएं आगामी 20 एवं 21 जून 2026 को छमनिया स्टेडियम में आयोजित अंतिम चयन ट्रायल में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई उदीयमान बालिका खिलाड़ी किसी अपरिहार्य कारणवश प्रारंभिक चयन ट्रायल में प्रतिभाग नहीं कर पाई हो, तो वह जिला क्रीड़ाधिकारी की संस्तुति के साथ मुख्य चयन परीक्षा से दो दिन पूर्व कॉलेज की चयन समिति के समक्ष ट्रायल देकर मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने का अंतिम अवसर प्राप्त कर सकती है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं एवं चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ही योग्य खिलाड़ियों को संबंधित स्पोर्ट्स कॉलेजों में अंतिम प्रवेश प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त स्पोर्ट्स कॉलेजों हेतु प्रारंभिक चयन प्रक्रिया का आयोजन कल टनकपुर में भी किया जाएगा।

प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, प्रदीप कौशल, पुष्कर सिंह सहित सभी प्रशिक्षक एवं कोच उपस्थित रहे।

 Jaya punetha editor in chief ।