विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘ बाल सुरक्षा यात्रा अभियान ‘ का आयोजन ।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 30 जुलाई 2025

 

*विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘बाल सुरक्षा यात्रा अभियान’ का आयोजन*।

माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं माननीय अध्यक्ष/जिला जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंपावत श्री अनुज कुमार संगल के मार्गदर्शन में, विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस के अवसर पर ‘बाल सुरक्षा यात्रा अभियान’ का आयोजन किया गया।यह जागरूकता कार्यक्रम बुधवार को यूनिवर्सल ग्रीन इंटर कॉलेज, चंपावत में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंपावत श्री भवदीप रावते ने की।कार्यक्रम के दौरान सचिव श्री रावते ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को बाल सुरक्षा यात्रा अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।उन्होंने बच्चों से संबंधित संवैधानिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण उपायों एवं बाल तस्करी, बाल श्रम, शोषण व उत्पीड़न से बचाव हेतु लागू कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। श्री रावते ने यह भी कहा कि विधिक साक्षरता के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सजगता लाना अत्यंत आवश्यक है ।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री चंद्रशेखर जोशी, शिक्षकगण, जनपद चंपावत की सभी तहसीलों से आए पी.एल.वी. (पैरा लीगल वॉलंटियर्स), बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बाल सुरक्षा संबंधी साहित्य का भी वितरण किया गया एवं बच्चों से संवाद के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

 

Jaya Punetha

Editor in Cheif (प्रधान संपादक)