*जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण: कालाबाजारी रोकने हेतु प्रशासन सख्त*।

Spread the love

चम्पावत 12 मार्च, 2026

*जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण: कालाबाजारी रोकने हेतु प्रशासन सख्त*

*लोहाघाट और चंपावत में तहसीलदारों ने जाँचा स्टॉक, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश*

जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और संभावित कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में आज विभिन्न तहसीलों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बिना किसी असुविधा के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

लोहाघाट गैस एजेंसी पर तहसीलदार लोहाघाट मोहिउद्दीन के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने एजेंसी के स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में मौजूद सिलेंडरों का मिलान किया। निरीक्षण में स्टॉक की स्थिति संतोषजनक और सही पाई गई। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक कमल उपाध्यक्ष और राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

चंपावत में तहसीलदार श्री बृजमोहन आर्या के नेतृत्व में गैस गोदाम में भी प्रशासन की टीम सक्रिय रही। यहाँ गैस लेने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं एकत्रित हुए थे। प्रशासन द्वारा मौके पर शांति व्यवस्था कायम करते हुए उपभोक्ताओं की व्यवस्थित लाइन लगवाई गई, ताकि वृद्धों और महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय और पारदर्शिता के साथ ही गैस का वितरण किया जाए।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी सिलेंडरों की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Jaya punetha editor in chief ।