गौ-पालन से आत्मनिर्भर बनीं लोहाघाट की ममता, अल्ट्रापुअर योजना से हर माह कमा रही हैं ₹7,500*।

Spread the love

चम्पावत 19 सितम्बर 2025

*गौ-पालन से आत्मनिर्भर बनीं लोहाघाट की ममता, अल्ट्रापुअर योजना से हर माह कमा रही हैं ₹7,500*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण महिलाओं के जीवन में नई रोशनी लेकर आ रहा है। इसका एक उदाहरण हैं जनपद चम्पावत के विकासखंड लोहाघाट के ग्राम नसखोला की श्रीमती ममता जोशी, जिन्होंने गौ-पालन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है।

पति के निधन के बाद परिवार की समस्त जिम्मेदारियां ममता के कंधों पर आ गईं। आर्थिक स्थिति सुधारने और परिवार का संबल बनने के प्रयास में उन्होंने गाँव में संचालित जागृति स्वयं सहायता समूह से जुड़ाव किया। यह समूह ग्रामोत्थान परियोजना के तहत कालशन बाबा ग्राम संगठन एवं माँ लक्ष्मी महिला आजीविका संकुल संघ से संबद्ध है।

परियोजना के सहयोग से ममता को अल्ट्रापुअर योजना और ब्याजमुक्त ऋण की जानकारी मिली। मानकों के अनुसार उन्हें ₹35,000 का सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने उत्तम नस्ल की गाय खरीदी। इससे न केवल उनके दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हुई, बल्कि वे प्रतिमाह लगभग ₹7,500 की नियमित आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति को सशक्त बना रही हैं।

ममता का कहना है कि इस योजना से जुड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। आज वे न केवल अपने परिवार को संबल प्रदान कर रही हैं, बल्कि गाँव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन गई हैं।

Jaya punetha editor in chief ।

Jaya Punetha

Editor in Cheif (प्रधान संपादक)