पर्यटन सीजन के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण अभियान, अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी एवं खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित ।

चम्पावत 30 मई 2026

*पर्यटन सीजन के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण अभियान, अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी एवं खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित*

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के आदेशों के अनुक्रम में, वर्तमान पर्यटन सीजन के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा टनकपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत विभाग की टीम ने टनकपुर के मुख्य बाजार एवं शारदा घाट स्थित विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंटों, भोजनालयों तथा किराना स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से रेस्टोरेंट एवं भोजनालयों के किचन (रसोई) तथा किराना प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की स्थिति, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं हाइजीन मानकों की गहनता से जांच की गई। इस कार्रवाई के दौरान दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित स्वामियों को मौके पर ही नोटिस निर्गत किए गए।

अभियान के दौरान टीम द्वारा सभी खाद्य व्यवसायियों को अनिवार्य रूप से भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) का लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्राप्त करने तथा उसे अपने प्रतिष्ठान में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के कड़े निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, खाद्य पदार्थों की शुद्धता की प्रामाणिक जांच हेतु कुक्ड फूड (पके हुए भोजन), खाद्य तेल एवं मिठाई के कुल 03 नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहाँ से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक एवं दंडात्मक अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

बढ़ते तापमान और ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत रेस्टोरेंट एवं भोजनालय संचालकों को विशेष हिदायत दी गई कि वे खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं रखरखाव में अत्यधिक सतर्कता बरतें। सभी कारोबारकर्ताओं को प्रत्येक दशा में उपभोक्ताओं हेतु स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं ताजा भोजन तैयार करने तथा उसका विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी इस प्रकार की चेकिंग कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

इस निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी तथा सहायक दिनेश फर्त्याल मुख्य रूप से सम्मिलित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement