मानसून के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग ने तेज किया आंतरिक सड़कों व नालियों का सफाई अभियान, एनएच-09 पर झाड़ी कटान का कार्य भी गतिमान।

चंपावत 01 जून 2026

*मानसून के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग ने तेज किया आंतरिक सड़कों व नालियों का सफाई अभियान, एनएच-09 पर झाड़ी कटान का कार्य भी गतिमान*

आगामी मानसून सत्र के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने और जनपद में सुरक्षित तथा सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०) द्वारा क्षेत्र की विभिन्न आंतरिक सड़कों के सुदृढ़ीकरण और मुख्य नालियों (ड्रेन) की सफाई का एक विशेष अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को निर्देश जारी किए हैं कि वर्षा काल प्रारंभ होने से पूर्व ही सभी संवेदनशील स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए ताकि आगामी समय में आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अभियान के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं और कार्यबलों द्वारा शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले आंतरिक मार्गों पर निरंतर सफाई कार्य किया जा रहा है। सड़कों के किनारे बनी नालियों में जमा मलबे, प्लास्टिक कचरे और सिल्ट को पूरी तरह से साफ किया जा रहा है ताकि भारी वर्षा के दौरान पानी का प्रवाह बिना किसी अवरोध के सुचारू रूप से हो सके और सड़कों पर जलभराव के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त न हों। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (एनएच-09) पर भी सुरक्षात्मक दृष्टि से देवराड़ी से तीलोन के अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग के अन्य स्थानों में भी झाड़ी कटान और नाली सफाई का कार्य तेजी से गतिमान है, जिससे मार्ग पर दृश्यता और यातायात सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को इस पूरे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्य की गुणवत्ता व पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी द्वारा जनपद के सभी संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें और आवश्यक जनशक्ति को पहले से ही तैनात रखने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी मार्ग अवरोध की स्थिति में यातायात व्यवस्था को अविलंब और निरंतर बहाल रखा जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement