चंपावत 20 फरवरी 2026
*चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 में 22 फरवरी को होगा ‘स्वस्थ बेबी शो’ का आयोजन*
*3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए स्वास्थ्य व स्वच्छता पर आधारित विशेष प्रतियोगिता*
चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के अंतर्गत 22 फरवरी (रविवार) को नन्हें बच्चों के लिए ‘स्वस्थ बेबी शो’ (Healthy Baby Show) का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के समग्र स्वास्थ्य, पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा स्वस्थ बाल्यावस्था को प्रोत्साहित करना है।
यह प्रतियोगिता 3 वर्ष से 6 वर्ष आयु वर्ग (बालक एवं बालिका) के बच्चों के लिए आयोजित की जाएगी। आयु की गणना 1 फरवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों का पंजीकरण कार्यक्रम स्थल पर 22 फरवरी को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक करा सकते हैं। दोपहर 12:00 बजे के बाद किसी भी प्रकार का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पंजीकरण के समय बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा एम.सी.पी. (MCP) कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम द्वारा बच्चों का मूल्यांकन निम्न प्रमुख मानकों पर किया जाएगा—
बच्चे की व्यक्तिगत स्वच्छता एवं साफ-सफाई
आयु के अनुरूप वजन एवं लंबाई सहित अन्य चिकित्सकीय मानक
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग में पृथक-पृथक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास श्री पी.एस. बृजवाल ने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों के साथ इस आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित कर स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।
