सरकार जनता के द्वार : मुख्य विकास अधिकारी ने क्वारसिंह गाँव में रात्रि चौपाल आयोजित कर सुनी जनसमस्याएँ, दिए त्वरित समाधान के निर्देश*।

Spread the love

चंपावत 02 अक्टूबर 2025

*सरकार जनता के द्वार : मुख्य विकास अधिकारी ने क्वारसिंह गाँव में रात्रि चौपाल आयोजित कर सुनी जनसमस्याएँ, दिए त्वरित समाधान के निर्देश*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, जनता के द्वार” के संकल्प के तहत चम्पावत जनपद में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत रात्रि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने चम्पावत विकासखंड के दूरस्थ गाँव क्वारसिंह पहुँचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं का समाधान कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने सड़क, बिजली, रोजगार, कृषि आदि से जुड़ी समस्याएँ मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखीं।

ग्रामीणों ने गाँव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग के डामरीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर डॉ. खाती ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिशासी अभियंता को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों द्वारा बिजली आपूर्ति की समस्या रखे जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्र में सोलर लाइट लगाने के साथ ही एक सप्ताह के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभाग को स्पष्ट कहा कि विद्युत आपूर्ति ग्रामीण जीवन की मूलभूत आवश्यकता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रोजगार व आजीविका के मुद्दे पर डॉ. खाती ने कहा कि पलायन की समस्या का स्थायी समाधान ग्रामीणों की आयवर्धन योजनाओं से ही संभव है। इसके लिए उन्होंने सभी संबंधित विभागों – कृषि, उद्यान, पशुपालन, आजीविका मिशन, उद्योग व कौशल विकास विभाग – को समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र के युवाओं को यहीं रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

नदी से हो रहे भू कटाव को रोकने के लिए ग्रामीणों की मांग पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को प्राथमिकता से चेक डैम निर्माण कार्य प्रारम्भ करने के आदेश दिए।

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी ने भी ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें और हर समस्या के निस्तारण की स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने ग्रामीणों से भी कहा कि सरकार हर समस्या को गंभीरता से ले रही है, इसलिए वे योजनाओं की जानकारी लें और उनका लाभ उठाएँ इस दौरान नोडल अधिकारी मा० मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल, ग्राम प्रधान क्वारसिंह मुकेश नेगी, मां दुर्गा मंदिर समिति के प्रधान पंडित मथुरा दत्त जोशी, दुर्गा मंदिर समिति अध्यक्ष मोहन चंद्र जोशी, उपाध्यक्ष घनश्याम जोशी, पूर्व प्रधान इंद्रदेव जोशी, ग्राम प्रधान छतकोट रेखा बोहरा, रमेश जोशी, पुष्कर राम तेज सिंह व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।