चंपावत 26 सितम्बर 2025
*नवरात्रि में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: लोहाघाट में कुट्टू के आटे का निरीक्षण*
*चंपावत में खाद्य पदार्थों की जांच, चलाया गया विशेष अभियान*
नवरात्रि पर्व के मद्देनजर, आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून और जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, गुरुवार को चंपावत के लोहाघाट क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य कुट्टू के आटे की गुणवत्ता की जांच करना था।
इस दौरान, खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। हालांकि, मौके पर किसी भी दुकान में कुट्टू का आटा बिक्री या संग्रह के लिए नहीं पाया गया। इसके बावजूद, सतर्कता बरतते हुए टीम ने अन्य विभिन्न खाद्य पदार्थों के चार नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए राजकीय लैब में भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान, सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि वे केवल अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का ही संग्रहण और विक्रय करें और उनका उचित रखरखाव सुनिश्चित करें।
इस अभियान दल में प्रभारी सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी संजय कुमार, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, और सहायक दिनेश फर्त्याल शामिल थे।




