मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 14 जुलाई 2025

*त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025: चंपावत में प्रत्याशियों हेतु व्यय प्रबंधन प्रशिक्षण संपन्न*
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के दृष्टिगत, चंपावत विकासखंड में नामित प्रत्याशियों के लिए सोमवार को गोरल चौड़ मैदान के निकट स्थित ऑडिटोरियम में एक दिवसीय अनिवार्य व्यय प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखते हुए प्रत्याशियों को व्यय संधारण के नियमों और प्रक्रिया की सम्यक जानकारी प्रदान करना रहा।
प्रशिक्षण में प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय से संबंधित वैधानिक एवं अवैधानिक व्यय, लेखा संधारण के नियम, निर्धारित व्यय सीमा, खर्च के रजिस्टर संधारण, रसीदों की संलग्नता, तथा चुनाव पश्चात लेखा प्रस्तुतिकरण की अनिवार्यता की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, अनुलग्नक-2 के माध्यम से प्रत्याशियों को प्रतिदिन के व्यय विवरण संधारण और हस्ताक्षर की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण में विभिन्न पदों के लिए निर्धारित व्यय सीमा इस प्रकार बताई गई: ग्राम पंचायत सदस्य हेतु ₹10,000, ग्राम प्रधान हेतु ₹75,000, क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) हेतु ₹75,000 एवं जिला पंचायत सदस्य हेतु ₹2,00,000।
निर्वाचन अधिकारी विकास खंड चंपावत श्री धनपत कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनावी पारदर्शिता केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। प्रत्येक प्रत्याशी को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपने व्यय का संधारण ईमानदारी और पारदर्शिता से करना चाहिए। प्रशिक्षण के अंत में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्धारित सीमा से अधिक व्यय या व्यय विवरण प्रस्तुत न करना आयोगीय दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है और इसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा सकती है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक अधिकारी (व्यय) श्री नंदन सिंह भाकुनी, मास्टर ट्रेनर एवं सहायक लेखाकार श्री मुकेश कुमार, समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी प्रशिक्षण डॉ. एम.पी. जोशी, सहायक निर्वाचन अधिकारी चंपावत सहित अन्य अधिकारी एवं नामित प्रत्याशी एवं अन्य उपस्थित रहे।
