*नशा मुक्ति केंद्र समाज के पुनर्निर्माण का माध्यम — अपर जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने पर दिया जोर*।

चम्पावत 09 अक्टूबर 2025

*नशा मुक्ति केंद्र समाज के पुनर्निर्माण का माध्यम — अपर जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने पर दिया जोर*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा ने देवभूमि नशा मुक्ति केंद्र, कफलांग का बुधवार देर सांय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में नशा मुक्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, निवास व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अभिलेखों का गहन परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र का लाइसेंस समय-समय पर नवीनीकृत किया जाए तथा प्रमाणित मनोचिकित्सक की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि उपचार की गुणवत्ता बनी रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र को स्थानीय चिकित्सक से अनुबंध स्थापित करना चाहिए, जिससे आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि केंद्र में कर्मिकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा खाता रजिस्टर एवं सभी अभिलेख नियमित रूप से संधारित किए जाएं। साथ ही, केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि सभी गतिविधियों की सतत निगरानी हो सके और पारदर्शिता बनी रहे।

अपर जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि उपचार की दरें (रेट सूची) केंद्र परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की भ्रम या अनियमितता की संभावना न रहे। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर रिफिलिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहे।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि वर्तमान में केंद्र में 14 व्यक्ति उपचाररत हैं, जिनके लिए भोजन, चिकित्सा एवं परामर्श संबंधी व्यवस्थाएं की गई हैं। अपर जिलाधिकारी ने इन व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि नशा मुक्ति केंद्र समाज के पुनर्निर्माण का एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण माध्यम हैं, अतः यहां दी जाने वाली सभी सेवाएं मानक एवं मानवीय दृष्टिकोण से संचालित की जानी चाहिए।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ इंद्रजीत पांडे तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित शिवराज सिंह राणा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement