राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने किया प्रतिभाग।

Spread the love

चम्पावत,09 जून 2026

*राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने किया प्रतिभाग*

*जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामनाएँ*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, लोहाघाट के वार्षिकोत्सव 2025-26 में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी द्वारा रिबन काटकर किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों एवं अनुशासित वातावरण के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने का आह्वान किया तथा कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में छोलिया नृत्य, विज्ञान आधारित नाटक, कवि सुमित्रानंदन पंत पर आधारित पहाड़ी कविता गायन, योग एवं खेलकूद प्रदर्शन, शैक्षिक नृत्य, कुमाऊँनी एवं नेपाली नृत्य, दक्षिण भारतीय नृत्य, गुजराती नृत्य, पंजाबी भांगड़ा, डोला नृत्य, पहाड़ी लोकनृत्य तथा अंग्रेजी नाटक की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री सतीश पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी श्री घनश्याम भट्ट, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राम कुमार मिश्रा, आईटीबीपी के प्रतिनिधि, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।