विकसित भारत संकल्प यात्रा का लोहाघाट से हुआ शुभारंभ तीन कृषि रथों को हरी झंड़ी दिखाकर गांवों की ओर किया रवाना ।

Spread the love

 मानेश्वर समाचार।

चंपावत 29 मई 2025

 

*विकसित भारत संकल्प यात्रा का लोहाघाट से हुआ शुभारंभ*

 

*तीन कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर गांवों की ओर किया रवाना*

 

केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल “विकसित भारत संकल्प यात्रा” के अंतर्गत गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र, लोहाघाट में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोहाघाट विधायक श्री खुशाल सिंह अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. गणेश सिंह खाती द्वारा किया गया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने तीन कृषि जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रवाना किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री अधिकारी ने कहा कि यह यात्रा किसानों की आय वृद्धि, जागरूकता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार का अत्यंत सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों तथा तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से किसानों को उनके गांवों में जाकर आधुनिक खेती, पशुपालन एवं उद्यानिकी से जुड़ी उपयोगी जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से आग्रह किया कि किसानों के उत्पादों के विक्रय की व्यवस्था गांव स्तर से सुनिश्चित की जाए तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

 

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. खाती ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचकर उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के विशेषज्ञ गाँव-गाँव जाकर किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित करेंगे, उनकी समस्याएँ सुनकर समाधान भी देंगे। साथ ही, किसानों को डेयरी, मत्स्य पालन व कुक्कुट पालन जैसे वैकल्पिक आजीविका स्रोतों के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी व कृषि विज्ञान केंद्र लोहाघाट की प्रभारी डॉ. दीपाली पांडे ने बताया कि भारत सरकार के कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार यह यात्रा चलाई जा रही है। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यान, कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग संयुक्त रूप से सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 15 दिन की अवधि में जनपद के 135 गाँवों तक पहुँचेगी और लगभग 5000 किसानों से सीधा संवाद कर उन्हें वैज्ञानिक खेती, मत्स्य पालन, डेयरी एवं अन्य आजीविका स्रोतों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

 

डॉ. दीपाली ने यह भी बताया कि इस अभियान के तहत किसानों को खरीफ फसलों की जानकारी दी जा रही है तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा बीज वितरण भी किया गया। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से इस अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की।

 

कार्यक्रम में जिला पशुपालन अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, एपीडी सुश्री विम्मी जोशी, जिला कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, कृषि अधिकारी श्री हिमांशु जोशी, जिला उद्यान अधिकारी श्री मोहित मल्ली, जिला मत्स्य अधिकारी श्री कुंवर सिंह बगड़वाल, कविराज श्री मोनी सहित कई किसान, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief संवाददाता पूजा भट्ट की रिपोर्ट।