*बेहतर सड़कें, सुरक्षित सफर जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को दिए समयबद्ध निर्देश*।

Spread the love

चम्पावत 18 अप्रैल 2026

*बेहतर सड़कें, सुरक्षित सफर जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को दिए समयबद्ध निर्देश*

जिला सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

चम्पावत बाईपास की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि 4 किलोमीटर सड़क कटान का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 3 किलोमीटर में कटान कार्य प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने जनपद में सभी सड़क निर्माण कार्यों से प्रभावित प्राकृतिक जलधाराओं (धारों/नालों) को उनके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित करने के निर्देश दिए।

स्वाला क्षेत्र में चल रहे सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्हित अन्य संभावित डेंजर जोन को भी प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कोट अमोडी स्थित में सुधार कार्य प्रारम्भ ने होने होने पर जिलाधिकारी ने ठेकेदार बदलते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जनपद में ग्रामीण सड़कों के किनारे वृक्षारोपण हेतु समुचित कार्ययोजना तैयार करने के साथ ग्रामीण सड़को की मरम्मत पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

पीएमजीएसवाई सड़कों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन सड़कों की अनुरक्षण अवधि पूर्ण हो चुकी है, उनका चिन्हीकरण कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर स्पीड लिमिट का पुनरीक्षण (रिवाइज) किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, एआरटीओ मनोज बागोरिया, अधिशासी अभियंता एम.सी. पलाड़िया, हितेश कांडपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।