मानेश्वर समाचार।
29 जून 2025
*अपर जिलाधिकारी ने किया जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र का निरीक्षण, वर्षा की स्थिति का लिया जायजा*
मौसम विज्ञान विभाग के मौसम पूर्वानुमान के दृष्टिगत जनपद में भारी से भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। जनपद में हो रही लगातार वर्षा के दृष्टिगत, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने रविवार को जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र (District Emergency Operation Center – DEOC) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में स्थापित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, अपर जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से सीधे क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षकों (Revenue Sub-Inspectors) से संपर्क साधा। उन्होंने उनसे उनकी वर्तमान लोकेशन और संबंधित क्षेत्र की कुशलता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से वर्षा के कारण उत्पन्न किसी भी संभावित समस्या, जैसे सड़क अवरुद्ध होने या जलभराव की स्थिति, के बारे में अपडेट लिया। उन्होंने सभी राजस्व उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सचेत रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी शर्मा ने बताया कि जनपद प्रशासन वर्षा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित आपातकालीन परिचालन के के कार्मिक उपस्थित रहे ।
