विवेकानंद सेवाश्रम अस्पताल, श्यामलाताल में तीन दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर हुआ शुरू।

Spread the love

विवेकानंद सेवाश्रम अस्पताल, श्यामलाताल में तीन दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर हुआ शुरू।

मायावती अस्पताल की तर्ज पर अब यहां भी शुरू होगी निशुल्क चिकित्सा सेवा श्रृंखला — स्वामी ज्ञाननिष्ठानंद

चंपावत। श्रीरामकृष्ण मिशन द्वारा मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय की तर्ज पर अब पर्वतीय क्षेत्र विवेकानंद सेवाश्रम अस्पताल, श्यामलाताल में भी नियमित निःशुल्क विशेष चिकित्सा शिविरों की शुरुआत की गई है।

शीतकाल की शुरुआत के साथ ही जोड़ों व हड्डी के रोगों से पीड़ित लोगों को राहत देने के उद्देश्य से यहां तीन दिवसीय हड्डी एवं जोड़ो संबंधी रोग शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने किया।

शिविर के संचालन हेतु कोलकाता से प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. श्यामाशीष बंधोपाध्याय विशेष रूप से पहुंचे हैं। पहले ही दिन 50 से अधिक मरीजों ने इस शिविर का लाभ उठाया।

स्वामी ज्ञाननिष्ठानंद जी महाराज ने बताया कि अब विवेकानंद सेवाश्रम अस्पताल में भी मायावती अस्पताल की तर्ज पर नियमित निःशुल्क चिकित्सा शिविरों की श्रृंखला शुरू की जाएगी। जल्द ही यहां विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि “यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि श्यामलाताल क्षेत्र के लोग अब आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ यहां प्राप्त कर सकेंगे। आने वाले समय में यह अस्पताल पर्वतीय क्षेत्रों के गरीब व दूरस्थ लोगों के लिए वरदान साबित होगा।”

 

रोगियों के लिए निःशुल्क एंबुलेंस सुविधा।

चंपावत। विवेकानंद सेवाश्रम अस्पताल, श्यामलाताल की ओर से यहां आने वाले रोगियों के लिए सुखीडांग से अस्पताल तक लाने-ले जाने हेतु निःशुल्क एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था की गई है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अत्यधिक राहत मिल रही है।

Jaya punetha editor in chief ।