चम्पावत 05 मार्च 2026
*अमकड़िया में युवाओं के लिए बनेगा खेल मैदान, भूमि आवंटन को मिली स्वीकृति*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जनपद में खेल अवसंरचनाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद चम्पावत में युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
जनपद में युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने ग्राम नदोला स्थित लगभग 0.480 हेक्टेयर भूमि को ग्राम पंचायत अमकड़िया अंतर्गत खेल मैदान निर्माण हेतु युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, उत्तराखण्ड शासन के नाम निःशुल्क हस्तांतरण एवं नामान्तरण की स्वीकृति प्रदान की है।
इस भूमि पर युवाओं के लिए खेल मैदान एवं प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों का विकास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद, शारीरिक दक्षता और विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासनादेशों में निर्धारित शर्तों का अनुपालन करते हुए भूमि हस्तांतरण एवं नामान्तरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए तथा भूमि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य एवं गतिविधियों के लिए ही सुनिश्चित किया जाए।
इस पहल से जनपद चम्पावत में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी सहायता मिलेगी।
Jaya punetha editor in chief ।




