ढाई लाख रुपए मूल्य की स्मैक के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार।
तीन बाइक, दो स्कूटी, पांच मोबाइल और ₹18,980 नकद बरामद।
चंपावत। पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देश — “जिले में कोई भी नशा तस्कर प्रवेश न कर पाए” — के बाद लगातार अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 22 ग्राम स्मैक के साथ छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवीपुरा के जंगली क्षेत्र में दबिश दी, जहां से छह तस्कर पकड़े गए। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, दो स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और ₹18,980 नकद बरामद किए। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में से शशांक भंडारी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। शेष अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे बनबसा के एक स्थानीय व्यापारी से स्मैक खरीदकर लाते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में दो भारतीय और चार नेपाली नागरिक शामिल हैं।
सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।




