छात्र संघ चुनावो की आचार संहिता के चलते छात्रों ने फिलहाल किया अपना आंदोलन स्थगित।
लोहाघाट। राजकीय आदर्श महाविद्यालय, देवीधुरा की शिक्षा संबंधी समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर बीते 20 दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन आज लोकतांत्रिक परंपराओं और आचार संहिता का सम्मान करते हुए फिलहाल स्थगित कर दिया गया। धरना स्थगित करने से पूर्व आंदोलनरत छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी पाटी नितेश डांगर को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने प्रशासन से स्पष्ट कहा कि यदि चुनाव उपरांत भी इन न्यायोचित मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं की जाती है तो यह संघर्ष और भी व्यापक व तीव्र रूप में पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
आंदोलन के दौरान छात्रों की अनुशासित एकजुटता, अभिभावकों व क्षेत्रीय जनमानस का समर्थन और पूर्व छात्रों की भागीदारी ऐतिहासिक रही। यह संघर्ष व्यक्तिगत नहीं बल्कि संपूर्ण पर्वतीय क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने का संकल्प है।
इस आंदोलन का नेतृत्व महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट एवं पूर्व जिला संयोजक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चंपावत, सुदीप चम्याल द्वारा किया गया था।




