चंपावत में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा हेतु अपर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 05 अगस्त 2025

*चंपावत में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा हेतु अपर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*

*नगर पालिका व पशु चिकित्सा विभाग को समन्वित अभियान चलाने के निर्देश*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा एवं उप जिलाधिकारी चंपावत श्री अनुराग आर्य ने नगर क्षेत्र के गोरलचौड़ स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा की। इस निरीक्षण का उद्देश्य पशु चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा नगर क्षेत्र में पशुओं से संबंधित स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन करना था।निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय रजिस्टरों का अवलोकन किया गया, जिनमें कर्मचारियों की उपस्थिति, उपचार हेतु लाए गए पशुओं की जानकारी तथा अन्य प्रशासनिक प्रविष्टियाँ दर्ज होती हैं।वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीना चंद्र ने चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों, चल रहे उपचार कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी।निरीक्षण उपरांत अपर जिलाधिकारी ने नगर में घूम रहे आवारा कुत्तों के एंटी-रेबीज टीकाकरण हेतु नगर पालिका परिषद चंपावत और पशु चिकित्सा विभाग को आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि टीकाकरण के उपरांत कुत्तों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें रेडियम युक्त बेल्ट पहनाई जाए। जिससे जिन कुत्तों को टीका लगाया जा चुका है, उनकी पहचान आसान होगी, जिससे बार-बार टीकाकरण की आवश्यकता नहीं होगी और रात के समय इन बेल्टों की चमक से वाहन चालकों को सड़कों पर उपस्थित कुत्तों का पूर्व संकेत मिलेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आएगी।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी की रोकथाम के साथ-साथ आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक ठोस प्रयास होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान को समयबद्ध, चरणबद्ध और प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाना चाहिए, ताकि जनस्वास्थ्य, पशु कल्याण और नगर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इसका अधिकतम प्रभाव सुनिश्चित हो सके।निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद चंपावत के अधिशासी अधिकारी श्री भारत त्रिपाठी, पशु चिकित्सालय के कार्मिकगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।