त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025: प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न , बैलेट बॉक्स स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया।

चंपावत 24 जुलाई 2025, सूवि।

 

*त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025: प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न, बैलेट बॉक्स स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया जारी*

 

जनपद चंपावत में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण का मतदान आज गुरुवार को विकास खंड लोहाघाट एवं पाटी में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदान के समापन के बाद पोलिंग पार्टियां सुरक्षित रूप से अपने-अपने विकास खंडों में स्थित कलेक्शन सेंटरों पर पहुंच रही हैं।

 

पाटी विकास खंड में, मौलनाजाख (देवीधुरा न्याय पंचायत) से सबसे पहले पोलिंग पार्टी वापस पहुंची।

 

लोहाघाट विकास खंड में, कनेड़ी से पहली पोलिंग पार्टी कलेक्शन सेंटर पर पहुंची है। अन्य पोलिंग पार्टियाँ भी धीरे-धीरे लौट रही हैं।

 

सभी मतदान दलों द्वारा बैलेट बॉक्स और अन्य निर्वाचन सामग्री कलेक्शन सेंटरों में जमा की जा रही है। इन बैलेट बॉक्सों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जा रहा है और सील किया जा रहा है।

 

लोहाघाट में, निर्वाचन प्रेक्षक श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) श्री मनीष कुमार, तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की उपस्थिति में स्ट्रॉन्ग रूम में बैलेट बॉक्स रखे जा रहे हैं और उन्हें सील किया जा रहा है।

 

पाटी में, अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा की निगरानी में स्ट्रॉन्ग रूम में बैलेट बॉक्सों को सुरक्षित रूप से रखा जा रहा है और सील की प्रक्रिया जारी है।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी दी कि यह सील किए गए बैलेट बॉक्स केवल मतगणना के दिन ही खोले जाएंगे। उन्होंने शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए मतदाताओं, मतदान कार्मिकों, सुरक्षा बलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement