चम्पावत,
*विधानसभा निर्वाचन 2027 के लिए ईवीएम–वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू, प्रदर्शन वैन रवाना*
*ईवीएम वाहन के माध्यम से गांवों और मोहल्लों में मतदाता मॉक वोट डालकर समझ सकेंगे मतदान की प्रक्रिया*
*जिला सभागार में ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रशिक्षण हुआ आयोजित*
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड एवं जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के लिए जनपद चम्पावत में ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण, प्रदर्शन और मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के.एन. गोस्वामी ने मोबाइल ईवीएम प्रदर्शन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला सभागार में ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया, जिसमें अपर जिलाधिकारी ने प्रदर्शन कार्यक्रम के संचालन और उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के. एन. गोस्वामी ने बताया कि निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में चम्पावत में 16 नवंबर से ईवीएम एवं वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। अभियान विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की घोषणा तक चलेगा। इसके तहत पांच मोबाइल वैन तहसीलों में जाएंगी और चार ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर भी मतदाताओं को जानकारी दी जाएगी।उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनर मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने और वीवीपैट पर्ची पर अपने चयन की पुष्टि करने की प्रक्रिया समझाएंगे।
अपर जिलाधिकारी ने कहा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के तहत अभियान तीन माध्यमों से संचालित किया जाएगा। इनमें ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र, मोबाइल प्रदर्शन वैन और डिजिटल जागरूकता गतिविधियां शामिल हैं। अभियान के संचालन के लिए जनपद के सभी तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय, रिटर्निंग ऑफिसर और उप जिलाधिकारी कार्यालयों में सोमवार से ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र संचालित किए जाएंगे। इन केन्द्रों पर मास्टर ट्रेनर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग की जानकारी देंगे।
एडीएम ने बताया मोबाइल प्रदर्शन वैन निर्धारित रूट प्लान के अनुसार गांवों और मोहल्लों तक पहुंचेगी। अभियान के दौरान सभी मतदेय स्थलों या उनके क्लस्टरों, गांवों और चुनावी साक्षरता क्लबों को कम से कम एक बार शामिल किया जाएगा। प्रत्येक प्रदर्शन स्थल पर औसतन 90 मिनट का समय रखा जाएगा। इस दौरान नागरिक ईवीएम पर मॉक वोट डाल सकेंगे और वीवीपैट की पर्ची देखकर समझ सकेंगे कि उनका वोट किसके पक्ष में दर्ज हुआ है। प्रदर्शन सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सरकारी परिसरों में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की जानकारी पंचायत भवनों, विद्यालयों, बाजारों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर दी जाएगी।
इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में भाजपा से श्री रोहित बिष्ट और कांग्रेस से श्री श्याम सिंह कार्की, नोडल अधिकारी ईवीएम विमल कुमार सूंठा और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, नोडल अधिकारी प्रशिक्षण योगेश भट्ट, नोडल अधिकारी सौरभ चंद सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Jaya punetha editor in chief.




