मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष बने भुवन पांडेय, 13 मतों से दर्ज की जीत
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ चुनाव, नंदा वल्लभ तिवारी, सुरेश तिवारी और गिरीश तिवारी भी बने विजेता
पूर्णागिरि (टनकपुर)। मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गए। चुनाव में अध्यक्ष पद पर भुवन पांडेय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी किशन तिवारी को 13 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
अध्यक्ष पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें भुवन पांडेय को 168 मत, किशन तिवारी को 155 मत, नीरज पांडेय को 49 मत तथा प्रकाश पांडेय को 5 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार भुवन पांडेय 13 मतों के अंतर से अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
उपाध्यक्ष पद पर नंदा वल्लभ तिवारी विजयी
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में नंदा वल्लभ तिवारी ने 214 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी संजय पांडेय को 159 मत मिले। नंदा वल्लभ तिवारी ने 55 मतों के अंतर से विजय हासिल की।
सचिव पद पर सुरेश तिवारी ने मारी बाजी
सचिव पद पर सुरेश तिवारी ने 202 मत प्राप्त किए, जबकि गिरीश पांडेय को 177 मत मिले। इस तरह सुरेश तिवारी 25 मतों से विजयी रहे।
कोषाध्यक्ष पद पर गिरीश तिवारी निर्वाचित
कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में गिरीश तिवारी को 211 मत प्राप्त हुए, जबकि कैलाश पांडेय को 165 मत मिले। गिरीश तिवारी ने 46 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
381 मतदाताओं ने किया मतदान
चुनाव में कुल 422 मतदाता थे, जिनमें से 381 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान 11 मत निरस्त पाए गए। चुनाव अधिकारी मनोज पांडेय की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मुस्तैद रही। इस दौरान कोतवाल चेतन सिंह रावत, ठूलीगार्ड इंचार्ज हरीश पुरी सहित पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौजूद रही। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव संपन्न होने पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।
Jaya punetha editor in chief.




