जनता मिलन में 133 आवेदन प्राप्त, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

चम्पावत,

 

*जनता मिलन में 133 आवेदन प्राप्त, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश*

 

*पेयजल, सड़क और आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें—जिलाधिकारी*

 

*ढकना के होशियार सिंह को मौके पर मिली छड़ी, तत्काल उपचार एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के निर्देश*

 

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न एवं दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनता मिलन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जनता मिलन में सोलर लाइट, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ एवं चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन, सड़क एवं पेयजल सहित विभिन्न आवेदन प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

 

जनता मिलन के दौरान ग्राम ढकना के होशियार सिंह को समाज कल्याण विभाग द्वारा मौके पर ही छड़ी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए एसडीएम लोहाघाट को मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक सहायता दिलाने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को उनके उपचार के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान ग्राम पंचायत सल्ली की संगीता रावत ने प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की नियुक्ति, ग्राम अष्टा बिसराड़ी के नवीन चन्द्र ने भू-कटाव रोकने के लिए चेकडैम निर्माण, ढकना के जोगाराम ने तारबाड़, ग्राम डूंगरासेठी की सुनीता मेहता ने सोलर लाइट तथा ग्राम बिसौन बाजरीकोट के नरेंद्र सिंह बोहरा ने सोलर लाइट एवं तारबाड़ की मांग रखी। ग्राम तल्ला बापरु के पुष्कर सिंह बिष्ट ने जन्मतिथि में सुधार से संबंधित प्रकरण रखा। इसके अतिरिक्त ग्राम सभा मुड़ियानी के किस्कोट में संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने तथा बाजरीकोट के पतलीखेत तोक में पेयजल टैंक क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने पेयजल, सड़क एवं दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों से संबंधित कार्यों को विशेष प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से सीधे जुड़े मामलों में अधिकारी संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं तत्परता के साथ कार्य करें। जनता मिलन का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमित अनुश्रवण करते हुए शिकायतकर्ताओं को की गई कार्यवाही से अवगत कराने के भी निर्देश दिए।

 

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बी.सी. पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, एएमए जिला पंचायत अनिल जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement