*मा. मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि” संकल्प को साकार करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें अधिकारी: जिलाधिकारी

चम्पावत,

 

*मा. मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि” संकल्प को साकार करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें अधिकारी: जिलाधिकारी*

 

*एनकोर्ड समिति की बैठक में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश*

 

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग फ्री देवभूमि” के संकल्प एवं “नशा मुक्त भारत” अभियान को जनपद में प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार एवं नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

जिलाधिकारी ने पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशे के विरुद्ध मिशन मोड में परिणामपरक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान को भी व्यापक बनाया जाए। विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रखने के लिए लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।

 

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अगस्त माह तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 51 मामलों में 69 तस्करों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस दौरान 1000.66 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 391 नशीले इंजेक्शन, 3417 नशीले कैप्सूल, 10 सिरप तथा 6.354 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संयुक्त टीमों द्वारा वर्ष 2026 में अब तक जनपद में 445 नाली क्षेत्र में की जा रही अवैध भांग की खेती को नष्ट किया गया है।

 

जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित नशामुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए वहां रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को केंद्रों में आवश्यक सामग्री, उपकरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने के साथ नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आमजन से भी नशे के विरुद्ध अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना टोल-फ्री नंबर 1933 अथवा ‘मानस पोर्टल’ के माध्यम से साझा किये जाने की बात कही।

 

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मती रेखा यादव ने ऑनलाइन माध्यम से नशीले पदार्थों की डिलीवरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। उन्होंने आबकारी विभाग को पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से गहन छापेमारी अभियान चलाने तथा एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इंद्रजीत पाण्डेय,सहित पुलिस, आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement