चंपावत
*चम्पावत में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन: 111 मामलों का निस्तारण कर 1.07 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का हुआ सेटलमेंट*
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के तत्वावधान में शनिवार जिला न्यायालय परिसर चम्पावत एवं बाह्य न्यायालय टनकपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया।
जानकारी देते हुए वरिष्ठ सहायक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समीर चौधरी ने बताया कि यह कार्यक्रम माननीय अध्यक्ष/जिला जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत श्री अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता तथा सचिव श्री भवदीप रावते के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस लोक अदालत में जिला बार संघ चम्पावत व तहसील बार संघ टनकपुर के अधिवक्ताओं, नामित सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों और आम जनमानस ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
लोक अदालत के दौरान प्रथम पीठ सिविल जज सीनियर डिवीजन, चम्पावत द्वारा जिला न्यायालय चम्पावत में कुल 48 लंबित मुकदमों का निस्तारण करते हुए ₹60,16,180/- का सेटलमेंट कराया गया।
इसके साथ ही प्री-लिटिगेशन के अंतर्गत मनी रिकवरी से जुड़े 40 मामलों का निस्तारण कर ₹39,30,600/- का समझौता कराया गया।
द्वितीय पीठ न्यायिक मजिस्ट्रेट, टनकपुर न्यायालय द्वारा 19 लंबित मामलों का निस्तारण कर ₹6,04,690/- का सेटलमेंट कराया गया, वहीं प्री-लिटिगेशन के तहत मनी रिकवरी के 4 मुकदमों का निस्तारण करते हुए ₹1,70,000/- की धनराशि का समझौता संपन्न हुआ।
इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से जनपद चम्पावत के समस्त न्यायालयों द्वारा लंबित एवं प्री-लिटिगेशन के कुल 111 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण करते हुए कुल ₹1,07,21,470/- की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।




