ऑपरेशन प्रहार का सटीक वार: लोहाघाट में 4.36 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार।
‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत चम्पावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एसपी रेखा यादव के निर्देश पर नशे के कारोबारियों पर लगातार शिकंजा।
लोहाघाट। उत्तराखण्ड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” को सफल बनाने और जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में चम्पावत पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लोहाघाट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4.36 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को लोहाघाट थाना पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने अशोक (30 वर्ष) पुत्र रामेश्वरम, निवासी लोहाघाट को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.36 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना लोहाघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। चम्पावत पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या सेवन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा 1933 (मानस हेल्पलाइन) पर दें। पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग से ही “नशामुक्त चम्पावत, नशामुक्त उत्तराखण्ड” का सपना साकार किया जा सकता है।




