*उत्तराखंड में जनगणना 2027 हेतु मकान सूचीकरण कार्यक्रम घोषित, 10 से 24 अप्रैल तक स्व-गणना का विकल्प*।

Spread the love

चम्पावत 28 फरवरी 2026

*उत्तराखंड में जनगणना 2027 हेतु मकान सूचीकरण कार्यक्रम घोषित, 10 से 24 अप्रैल तक स्व-गणना का विकल्प*

राज्य में आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण (House Listing) कार्य की समय-सारणी घोषित कर दी गई है। माननीय राज्यपाल की स्वीकृति उपरांत जारी कार्यक्रम के अनुसार, उत्तराखंड में यह कार्य 25 अप्रैल, 2026 से 24 मई, 2026 तक चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।

इस अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों के अनुसार विवरण संकलित करेंगे।

यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस बार जनसुविधा एवं तकनीकी नवाचार को प्राथमिकता देते हुए नागरिकों को स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। स्व-गणना की अवधि 10 अप्रैल, 2026 से 24 अप्रैल, 2026 तक निर्धारित की गई है, जो घर-घर सूचीकरण कार्य से पूर्व संचालित होगी।

इस सुविधा के अंतर्गत इच्छुक नागरिक अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी पारिवारिक एवं आवासीय जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे न केवल प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सटीक बनेगी, बल्कि समय की भी बचत होगी और डेटा संकलन में तकनीकी दक्षता सुनिश्चित होगी।

केंद्र सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

जनगणना नियम, 1990 के अधीन संचालित इस अभियान को पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से सम्पन्न कराने हेतु शासन ने आमजन से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Jaya punetha editor in chief ।