पत्रकार एकादश की धमाकेदार जीत — जिला प्रशासन को 39 रनों से दी मात।
गोरालचौड़ मैदान में आयोजित हुआ रोमांचक सद्भावना क्रिकेट मैच।
चंपावत। जिला मुख्यालय स्थित गोरालचौड़ मैदान में रविवार को पत्रकार एकादश और जिला प्रशासन एकादश के बीच खेले गए सद्भावना क्रिकेट मैच में पत्रकार टीम ने 39 रनों से शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार एकादश के कप्तान गिरीश सिंह बिष्ट ने पहले खेल का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 146 रन बनाए।
टीम के बल्लेबाज राहुल महर मैच के हीरो रहे। उन्होंने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 101 रनों की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा दिनेश भट्ट ने 18 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिला प्रशासन की टीम कप्तान चंदन बिष्ट के नेतृत्व में संघर्ष करती नजर आई, लेकिन पूरी टीम 107 रन पर ही सिमट गई।
प्रशासन की ओर से खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी ने 40 रन और जसवंत खड़ायत ने 30 रन बनाए। गेंदबाजी में भी पत्रकार एकादश के राहुल चमके और शानदार 3 विकेट झटके। वहीं मैच में एसडीएम अनुराग आर्या ने बेहतरीन विकेटकीपिंग करते हुए तीन शानदार कैच लपके और गेंदबाजी में भी एक विकेट चटकाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सद्भावना मैच के बहाने प्रशासन और पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।




