लोहाघाट में 188 और चंपावत में 166 मतदेय स्थल प्रस्तावित, बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे शामिल* ।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चम्पावत 28 अगस्त 2025

*लोहाघाट में 188 और चंपावत में 166 मतदेय स्थल प्रस्तावित, बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे शामिल*

*चंपावत जिले में मतदेय स्थलों का मानकीकरण,भौतिक सत्यापन उपरान्त लोहाघाट में 188 और चंपावत में 166 मतदेय स्थल प्रस्तावित*

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद चंपावत के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों — 54-लोहाघाट एवं 55-चंपावत — के अंतर्गत स्थापित मतदेय स्थलों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन किया गया है। सत्यापन उपरान्त निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (उपजिलाधिकारी/तहसीलदार) से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर मतदेय स्थलों के परिवर्तन, परिवर्धन एवं संशोधन हेतु 25 अगस्त 2025 को आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप पर आलेख्य प्रकाशित किया गया है।

आज दिनांक 28 अगस्त 2025 को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती नीतू डांगर (54-लोहाघाट) एवं श्री अनुराग आर्या (55-चंपावत), सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह अधिकारी सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण श्री नन्दन तड़ागी, महामंत्री भारतीय जनता पार्टी एवं श्री रमेश चंद्र जोशी, प्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष कांग्रेस तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे।

बैठक में अवगत कराया गया कि 54-लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 185 मतदेय स्थल हैं। भौतिक सत्यापन उपरान्त 02 किमी से अधिक पैदल दूरी के कारण राजकीय प्राथमिक विद्यालय लधौना एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय वारसी को नए मतदेय स्थल के रूप में तथा 1150 से अधिक मतदाता संख्या होने के कारण राजकीय प्राथमिक विद्यालय डेसली को नया मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव है। इस प्रकार लोहाघाट क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या बढ़कर 188 हो जाएगी। इसके अतिरिक्त 01 नाम परिवर्तन एवं जीर्ण-क्षीण भवनों के स्थान पर अन्य शासकीय भवनों में 02 भवन परिवर्तन प्रस्ताव भी प्राप्त हुए हैं।

इसी प्रकार 55-चंपावत विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 159 मतदेय स्थल हैं। भौतिक सत्यापन उपरान्त 02 किमी से अधिक पैदल दूरी के कारण राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़पास, नन्दोला, भनार, गुरखोली एवं राजकीय पॉलिटेक्निक चंपावत को नए मतदेय स्थल के रूप में तथा 1150 से अधिक मतदाता संख्या होने के कारण राजकीय प्राथमिक विद्यालय चंदनी कनं0-2 एवं राजकीय पॉलिटेक्निक टनकपुर कनं0-2 को नए मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव है। इस प्रकार चंपावत क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या बढ़कर 166 हो जाएगी। साथ ही 08 नाम परिवर्तन एवं 02 भवन परिवर्तन प्रस्ताव भी प्राप्त हुए हैं।

इस प्रकार दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के मानकीकरण की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक सुगम एवं सुलभ होगी।

Jaya punetha editor in chief ।