मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 18 जुलाई 2025
*चुनाव की निष्पक्षता आप सबकी जिम्मेदारी- जिलाधिकारी*
*मतदान प्रक्रिया की बारीकियों पर गहन प्रशिक्षण, जिलाधिकारी ने दिया निष्पक्ष चुनाव संचालन का मंत्र*
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को गोरलचौड़ मैदान स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) श्री मनीष कुमार ने की।
यह प्रशिक्षण विकासखंड लोहाघाट के लिए तैनात सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी सहित प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान अधिकारियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें कुल 117 पार्टियों ने तीन सत्रों में प्रतिभाग किया। इनमें 79 महिला मतदान अधिकारी भी सम्मिलित रहीं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने उपस्थित कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा, “चुनाव की निष्पक्षता केवल प्रक्रिया भर नहीं, यह प्रत्येक मतदान कार्मिक की व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी है। निष्पक्षता केवल की जानी नहीं चाहिए, बल्कि स्पष्ट रूप से दिखनी भी चाहिए।”
उन्होंने सभी कार्मिकों से पूर्व के चुनावों के अनुभव साझा करने तथा व्यवहारिक परिस्थितियों से स्वयं को तैयार रखने का आग्रह किया। साथ ही यह भी कहा कि अपने अनुभवों से अन्य सहकर्मियों को भी अवगत कराएं, ताकि सामूहिक रूप से बेहतर तैयारियों के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णत: पालन करें और मतदाताओं के अधिकारों की गोपनीयता व सम्मान बनाए रखें।
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनरों द्वारा निर्वाचन की समस्त प्रक्रियाओं जैसे बैलेट बॉक्स की सीलिंग, मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति, मतदाता की पहचान की पुष्टि, पीठासीन अधिकारी की डायरी, मतपत्र लेखा, पेपर सील लेखा, सुभिन्नक मुहर सहित सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। जानकारी को और प्रभावी बनाने के लिए पीपीटी और वीडियो प्रस्तुति का भी सहारा लिया गया तथा प्रतिभागियों की शंकाओं का तत्काल समाधान किया गया।
मास्टर ट्रेनरों ने प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया कि मतदान समाप्ति के पश्चात मतपेटी को निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में सील करना, सभी महत्वपूर्ण प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक भरना एवं संग्रह केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि सांविधिक एवं असांविधिक लिफाफों में कौन-कौन से दस्तावेज शामिल किए जाएं, यह जानकारी भी बारीकी से दी गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, नोडल कार्मिक मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, मास्टर ट्रेनर डॉ. एम.पी. जोशी, श्री प्रकाश उपाध्याय, श्री जीवन कलौनी सहित बड़ी संख्या में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




