बाराकोट ब्लॉक में मतदान तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 27 जुलाई 2025

*बराकोट ब्लॉक में मतदान तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायज़ा*

 

*चंपावत व बाराकोट में 28 जुलाई को मतदान, पोलिंग पार्टियाँ हुई रवाना*

 

त्रि-स्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के विकास खंड चंपावत एवं बाराकोट में कल, 28 जुलाई (सोमवार) को मतदान संपन्न कराया जाएगा। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने हेतु समस्त आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

 

इसी क्रम में 27 जुलाई को दोनों विकास खंडों से पोलिंग पार्टियाँ अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुईं।

 

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने विकास खंड बाराकोट का दौरा कर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

बाराकोट विकास खंड से रविवार को कुल 51 पोलिंग पार्टियाँ रवाना हुईं, जबकि पूर्व में 26 जुलाई को P2 श्रेणी की 2 पोलिंग पार्टियाँ पहले ही प्रस्थान कर चुकी थीं। इस प्रकार बाराकोट में कुल 53 मतदान केंद्रों पर कल मतदान कराया जाएगा।

 

विकास खंड चंपावत से आज कुल 148 पोलिंग पार्टियाँ रवाना की गईं। पूर्व में 26 जुलाई को P2 श्रेणी की 11 पोलिंग पार्टियाँ पहले ही अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो चुकी थीं। इस प्रकार चंपावत में कुल 159 मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी मतदान कार्मिकों को कर्तव्यबोध कराते हुए कहा “स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त एवं प्रभावी प्रबंध किए गए हैं, ताकि हर मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। समस्त पोलिंग टीमें पारदर्शिता, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपनी भूमिका निभाएं।”

 

प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए लॉजिस्टिक, सुरक्षा और व्यवस्थापकीय सभी स्तरों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है। जनपद प्रशासन मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील करता है।

Jaya punetha editor in chief ।