मानेश्वर समाचार।
04 जुलाई 2025
*जिलाधिकारी ने मानसून तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक*
*संवेदनशील क्षेत्रों की सतत मॉनिटरिंग और आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही के निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शुक्रवार को मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक जिला कार्यालय सभागार में की। इस दौरान उन्होंने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून में माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी जलभराव संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां त्वरित व प्रभावी जल निकासी के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।
उन्होंने टनकपुर सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए जलभराव अथवा किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल रिस्पॉन्स की व्यवस्था रखने को कहा।
चिकित्सा व्यवस्थाओं को मानसून सीजन के दृष्टिगत सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा प्रसव पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि भारी वर्षा या भूस्खलन से अवरुद्ध होने वाले मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से खोला जाए, ताकि लोगों का आवागमन बाधित न हो।
साथ ही उन्होंने विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। सभी जरूरी उपकरणों जैसे ट्रांसफॉर्मर, जनरेटर, जल स्रोतों की जांच कर ली जाए ताकि आपात स्थिति में सेवाएं बहाल रखने में कठिनाई न हो।
संचार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सूचनाओं के आदान-प्रदान में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके लिए सभी नेटवर्क व वायरलेस माध्यमों की तकनीकी जांच की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जिला व ब्लॉक स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील रहें और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




