मानेश्वर समाचार।
चंपावत 14 अगस्त 2025
*जिलाधिकारी ने किया नगर की रात्रि सफाई और पथप्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण, पर्यावरण मित्रों का बढ़ाया मनोबल*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने देर रात्रि नगर पालिका परिषद, चंपावत द्वारा संचालित सफाई एवं पथप्रकाश व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य बाज़ार, गोरलचौड़ मैदान के आसपास तथा नगर के विभिन्न हिस्सों में सफाई कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।उन्होंने पाया कि रात्रि पाली में कार्यरत पर्यावरण मित्र पूरी मुस्तैदी और लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने सड़कों की सफाई, कूड़ा निस्तारण, कूड़ेदानों की स्थिति और संपूर्ण सफाई व्यवस्था को देखकर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यरत पर्यावरण मित्रों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा “आप सब हमारे शहर के सच्चे नायक हैं। आपकी मेहनत और समर्पण से ही हमारा चंपावत साफ-सुथरा और सुंदर रह पाता है।”जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को निर्देश दिए कि सफाई कर्मियों को सभी आवश्यक उपकरण, सुरक्षा सामग्री और सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व आधुनिक बनाने के लिए उन्नत तकनीकों का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।पथप्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने उन स्थानों को चिह्नित किया, जहाँ स्ट्रीट लाइटें खराब पाई गईं। उन्होंने इन लाइटों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि रात्रिकालीन आवागमन करने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस दौरान नगर पालिका के कार्मिक व पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
