चम्पावत 12 दिसंबर, 2025
*मनरेगा एवं अन्य निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण*
*डिगडाई के बिलाट सौंन तोक में पहुँचे जिलाधिकारी — विकास कार्यों की समीक्षा*
*जिलाधिकरी ने घर–घर जाकर जाना हाल, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर दिए निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत डिगडाई के बिलाट सौंन तोक का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामवासियों की मूलभूत सुविधाओं तथा विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों—चैन लिंक फेंसिंग, विधायक निधि से निर्मित सीसी मार्ग तथा गौशाला—का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने तकनीकी गुणवत्ता, कार्य-मानकों एवं स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की तथा कई स्थानों पर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से सीधे संवाद किया। वे कई ग्रामीणों के घर पहुँचकर उनका हाल-चाल जानने भी गए। उन्होंने गाँव में बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई एवं खेती-बाड़ी से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनकी मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा बताए गए मुद्दों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किया जाए, ताकि इनका लंबे समय तक ग्रामवासियों को लाभ मिले।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य स्थल पर सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए, जिसमें योजना का नाम, कार्य का विवरण, स्वीकृत लागत, प्रारंभ एवं समाप्ति तिथि तथा संबंधित विभाग का उल्लेख हो। इससे न केवल ग्रामवासियों को पूरी जानकारी मिलेगी, बल्कि जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने मनरेगा सहित सभी विकास योजनाओं को समय-सीमा के भीतर, सर्वोच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह दिगारी, खंड विकास अधिकारी श्री अशोक अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




