दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़: पत्नी-बेटी बोलीं—निर्दोष हैं, भगवान करेगा फैसला।

Spread the love

*दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़: पत्नी-बेटी बोलीं—निर्दोष हैं, भगवान करेगा फैसला*

*चम्पावत कांड में नया दावा: पत्नी-बेटी बोलीं—निर्दोष को फंसाया जा रहा*

चम्पावत में नाबालिग से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में अब नया मोड़ सामने आ रहा है। एक ओर जहां पुलिस तीन आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच में जुटी है, वहीं दूसरी ओर एक आरोपित के पिता के बाद अब एक पत्नी और बेटी ने भावुक होकर भी पूरे प्रकरण को राजनीतिक साज़िश बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

सम्बन्धित प्रकरण में आरोपित की पत्नी और बेटी ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उनका कहना है कि उनके परिवार के सदस्य को सुनियोजित तरीके से इस मामले में फंसाया जा रहा है।

आरोपित की बेटी ने दावा किया कि घटना वाली रात उसके माता-पिता साथ ही मौजूद थे। उसने कहा कि उसके पिता को राजनीतिक साज़िश के तहत झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।

वहीं आरोपित की पत्नी ने भी इसी तरह के आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति निर्दोष हैं और उन्हें षड्यंत्र के तहत बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिस नाबालिग की बात हो रही है, उसी उम्र की उनकी अपनी पुत्री है, ऐसे में उनके पति पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था और ईश्वर पर पूरा विश्वास है।

इधर, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है। अब तक प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि 06 मई को प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच जारी है।

Jaya punetha editor in chief ।