पंचेश्वर में पर्यटन को नई उड़ान, सरयू तट पर लग्जरी ग्लैम्पिंग साइट को 48.72 लाख की मंजूरी।

Spread the love

पंचेश्वर में पर्यटन को नई उड़ान, सरयू तट पर लग्जरी ग्लैम्पिंग साइट को 48.72 लाख की मंजूरी।

सीमांत क्षेत्र में इको-टूरिज्म, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा।

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श जनपद 2030” योजना के तहत चम्पावत जिले में पर्यटन विकास को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। पंचेश्वर क्षेत्र के ग्राम पंथ्युड़ा में सरयू नदी तट पर आधुनिक लग्जरी ग्लैम्पिंग साइट विकसित करने की परियोजना को शासन से ₹48.72 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। यह परियोजना कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा तैयार आगणन के आधार पर स्वीकृत की गई है।

प्राकृतिक खूबसूरती और सामरिक महत्व वाले इस सीमांत क्षेत्र में प्रस्तावित ग्लैम्पिंग साइट पर्यटकों को नदी तट के मनमोहक दृश्य, शांत वातावरण और एडवेंचर टूरिज्म का अनूठा अनुभव प्रदान करेगी। इससे न केवल पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार भी सुनिश्चित होगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा “सरयू तट पर बनने वाली यह ग्लैम्पिंग साइट सीमांत कुमाऊँ में इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को नई ऊर्जा देगी। यह योजना मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारते हुए स्थानीय आजीविका को मजबूत करेगी।” यह परियोजना चम्पावत को सस्टेनेबल टूरिज्म का नया मॉडल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पंचेश्वर में महाशिर का संरक्षण करने के साथ उससे स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने में लगे होशियार सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री जी और जिलाधिकारी मनीष कुमार का इस ओर ध्यान केंद्रित होने से यह स्थान युवाओं को स्थाई रूप से रोजगार एवं उनके सम्मान जनक ढंग से जीवन यापन के अवसर सामने लाएगा।

Jaya punetha editor in chief ।