नव वर्ष का नया सवेरा: मॉडल जिला चंपावत के लिए उम्मीद, उपलब्धि और विकास का संकल्प।
चंपावत। बीता हुआ वर्ष मॉडल जिला चंपावत के लिए चुनौतियों और उपलब्धियों के बीच गुजरते हुए भविष्य की नई उम्मीदें छोड़ गया है। नव वर्ष का यह नया सवेरा माननीय मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप चंपावत को हिमालयी राज्यों का मॉडल जिला बनाने की दिशा में नई ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। युद्ध स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों के सकारात्मक परिणाम अब प्रतिदिन लोगों के जीवन में दिखाई देने लगे हैं।
जिला प्रशासन की पहलों से आमजन के जीवन की जटिलताएं लगातार कम हो रही हैं और लोग सुनहरे भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ा रहे हैं। प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनता से प्रशासन का सीधा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हुआ है और यह लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का माध्यम बन रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नव वर्ष के संदेश में कहा कि बीते छह माह के दौरान उन्होंने मॉडल जिले के भूगोल, सामाजिक-आर्थिक व्यवस्था, लोगों की अपेक्षाओं और जरूरतों को नजदीक से समझने का प्रयास किया है। उन्होंने महसूस किया कि छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को जिला मुख्यालय आकर समय और संसाधन व्यर्थ करने पड़ते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सेवाएं लोगों तक स्वयं पहुंचें और उनके जीवन में नई खुशियां लाई जा सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए आंकड़ों की प्रगति से अधिक महत्वपूर्ण लोगों के चेहरों पर लौटती मुस्कान है। यही इस बात की सच्ची गवाह होगी कि जिला प्रशासन वास्तव में उन नागरिकों के लिए मददगार साबित हो रहा है, जिनके नाम पर यह पूरा तंत्र चलता है और जिनके कारण सभी को वेतन व सुविधाएं प्राप्त होती हैं।
नव वर्ष 2026 के लिए जिला प्रशासन ने यह संकल्प लिया है कि प्रत्येक दिन यह आत्ममंथन किया जाएगा कि आज प्राप्त वेतन के बदले नागरिकों के लिए क्या सकारात्मक कार्य किया गया। अंत में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नव वर्ष के अवसर पर जिले के समस्त लोगों को हृदय से बधाई देते हुए उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने चंपावत की देवभूमि के सभी देवी-देवताओं से जिलेवासियों की रक्षा, आपसी सौहार्द और निरंतर विकास के लिए शक्ति व समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।
