01 से 15 जून तक जनपद में मनाया जाएगा जल उत्सव सप्ताह, विभिन्न स्तरों पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम।

Spread the love

चम्पावत, 01 जून 2026

*01 से 15 जून तक जनपद में मनाया जाएगा जल उत्सव सप्ताह, विभिन्न स्तरों पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम*

*जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता: जिलाधिकारी*

जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से 01 जून से 15 जून तक आयोजित किए जाने वाले जल उत्सव सप्ताह का कार्यक्रम का शुभारंभ माo नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती प्रेम पाण्डेय द्वारा किया गया।

सोमवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में सारा (स्प्रिंग एंड रिवर रिज्यूविनेशन अथॉरिटी) द्वारा जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सतत रूप से वर्षभर चलने वाली प्रक्रिया है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने कहा कि वन पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं जागरूक नागरिकों को सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान, जल जीवन मिशन तथा वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम जल संरक्षण से सीधे जुड़े हुए हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाएँ।

इस दौरान नगर पालिका परिषद चम्पावत की मा0 अध्यक्षा श्रीमती प्रेमा पाण्डेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जल संरक्षण संबंधी इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी है तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की आवश्यकता है ।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती ने कहा कि स्प्रिंगशेड प्रबंधन से संबंधित कार्यशाला में प्राप्त अवधारणाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों एवं जनसामान्य से समन्वित प्रयासों और जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को सफल बनाने की अपील की।

सारा के नोडल अधिकारी श्री विमल कुमार सूंठा ने बताया कि 01 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाला जल उत्सव सप्ताह एक व्यापक जन-जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम है। इस अवधि में जनपद, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यशालाएं, जनसंवाद, जागरूकता अभियान तथा जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक एवं प्रेरित करना है।

कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी “SARRA” अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई श्री विमल कुमार सूंठा द्वारा किया गया।

कार्यशाला में वैज्ञानिक दृष्टिकोण से नौलों धारों को बचाने व उनके डिस्चार्ज बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए गए।

कार्यशाला के विषय विशेषज्ञ के रूप में राष्ट्रीय जल विज्ञान, रुड़की के वैज्ञानिक डा0 शोबन सिंह रावत ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे साथ ही अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, वन पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, कृषक एवं स्थानीय नागरिक सहित सारा की टीम द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Jaya punetha editor in chief ।