टनकपुर में जलभराव की समस्या पर प्रशासन सख्त – नालियों पर अतिक्रमण हटाने और सफाई के निर्देश ।

मानेश्वर समाचार।

10 जुलाई 2025

 

टनकपुर में जलभराव की समस्या पर प्रशासन सख्त – नालियों पर अतिक्रमण हटाने और सफाई के निर्देश ।

*टनकपुर में जलभराव की समस्या पर प्रशासन सख्त – नालियों पर अतिक्रमण हटाने और सफाई के निर्देश*

 

टनकपुर और बनबसा नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर क्षेत्र में नालियों से जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए हैं।

 

गुरुवार को उप जिलाधिकारी टनकपुर श्री आकाश जोशी ने नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग (PWD), एनएचएआई, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से टनकपुर के प्रमुख स्थलों — पीलीभीत चुंगी से पिथौरागढ़ चुंगी, आईएसबीटी क्षेत्र, टैक्सी स्टैंड मार्ग और रोडवेज मार्ग — का स्थलीय निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान एसडीएम जोशी ने एनएचएआई अधिकारियों को बंद पड़ी नालियों को तत्काल खोलने और जल निकासी बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी को टैक्सी स्टैंड के समीप रोडवेज मार्ग पर सड़क के नीचे बनी नाली की सफाई और सड़क के ऊबड़-खाबड़ हिस्से को ठीक करने के निर्देश भी दिए गए।

 

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्री भूपेंद्र प्रकाश जोशी को समस्त नगर क्षेत्र की नालियों की तलीझाड़ सफाई सुनिश्चित करने तथा नालियों पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान टैक्सी स्टैंड के समीप संपर्क मार्ग पर सड़क के बीचोंबीच बने एक निर्माण को अतिक्रमण मानते हुए चिन्हित किया गया।

 

इसी क्रम में बनबसा क्षेत्र में भी एसडीएम जोशी द्वारा निरीक्षण किया गया, जहां एनएचएआई के अधिकारियों को नैनीताल बैंक के समीप क्षतिग्रस्त नाली के पुनर्निर्माण और उसकी जल निकासी व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार (सिंचाई विभाग) श्री जगदीश गिरी, अधिशासी अधिकारी श्री भूपेंद्र प्रकाश जोशी, एसडीओ श्री आर.के. यादव, अधिशासी अभियंता श्री लक्ष्मण सिंह बोहरा, राजस्व उप निरीक्षक श्री राकेश पंगरिया, केपीएस प्रभारी श्री अनुराग, पालिका कर्मी श्री अर्जुन सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या पर किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी और सभी विभागीय अधिकारी समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement