मानेश्वर समाचार।
चंपावत 22 अगस्त 2025
*ग्राम पंचायतों का निरीक्षण : पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, अदरक की खेती, स्वच्छता एवं नशा मुक्ति पर ग्रामीणों से हुई चर्चा*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की सशक्त ग्राम परिकल्पना को मूर्त रूप देने एवं ग्रामीण विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में विभागीय अधिकारियों की टीम ने ग्राम पंचायत जोल, ग्राम पंचायत स्याला एवं ग्राम पंचायत धूरा का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामवासियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, योजनाओं की प्रगति तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों के रख-रखाव, उनकी उपयोगिता एवं संचालन की जांच की गई। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियमित उपस्थिति, पोषण आहार वितरण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान कृषि क्षेत्र पर विशेष चर्चा की गई। अदरक की खेती को और अधिक बढ़ावा देने, उत्पादन तकनीकों के आधुनिकीकरण तथा किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़ने पर बल दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि “समूह आधारित खेती और सहकारी ढांचे की मजबूती से किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।”
स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत पंचायत क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था एवं स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि “स्वच्छ ग्राम ही सशक्त ग्राम की आधारशिला है।” प्रत्येक परिवार और समुदाय को अपने आस-पास की सफाई, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ शौचालय व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना होगा।
निरीक्षण के दौरान युवाओं के बीच नशा मुक्ति अभियान को लेकर व्यापक संवाद हुआ। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता तभी संभव है जब युवा वर्ग नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़े। ग्रामीणों को भी युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामवासियों ने इस अवसर पर अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा तथा संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई हेतु प्रेषित किया जाएगा।
इस दौरान जिला पंचायती राज अधिकारी भूपेंद्र कुमार आर्य, जिला उद्यान अधिकारी हरीश कोहली सहित अन्य विभागीय अधिकारी/कार्मिक उपस्थित रहे।
