लोहाघाट के गांव-गांव पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, 1 जून से लगेंगे विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर।

Spread the love

चम्पावत 25 मई 2026

*लोहाघाट के गांव-गांव पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, 1 जून से लगेंगे विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर*

जनपद चम्पावत के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में 1 जून 2026 से लोहाघाट विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके निकट ही ब्लड टेस्ट, शुगर जांच, एक्स-रे सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीमें तय कार्यक्रम के अनुसार गांवों एवं तोकों में पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से दूरस्थ अस्पतालों तक न जाना पड़े।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जून 2026 को भुमलाई में स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया जाएगा। इसके उपरांत 2 जून को कुलाली एवं पुंडिल, 3 जून को पाटन-पाटनी, 4 जून को दुर्गाओं तथा 5 जून को खुना मलक, कफलेख एवं खुना में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इसी क्रम में 6 जून को कोलीढेक, 7 जून को एबट माउंट, 8 जून को खैसकांडे, 9 जून को बनगांव एवं फोर्ती तथा 10 जून को मझपीपल एवं जमरासों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त 11 जून को मझेडा, 12 जून को लेटी एवं बगोटी, 13 जून को खावागढ़, 14 जून को लोहाघाट रेंज तथा 15 जून 2026 को जाख में शिविर आयोजित कर स्थानीय नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में इन स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Jaya punetha editor in chief ।