चम्पावत 22 मई 2026
*कृषकों को अब बिना बाधा मिलेगा कृषि कार्य हेतु ईंधन, जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जनपद में लागू हुई सरल व्यवस्था*
जनपद चम्पावत में कृषि कार्यों के दौरान कृषकों को पेट्रोल एवं डीजल प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिला पूर्ति विभाग द्वारा पारदर्शी एवं किसान हितैषी व्यवस्था लागू की गई है।
इस व्यवस्था के तहत अब कृषकों को कृषि कार्य हेतु आवश्यक ईंधन बिना अनावश्यक रोक-टोक के आसानी से उपलब्ध कराया जाएगा।
जनपद के समस्त पेट्रोल पंपों पर कृषकों के लिए विशेष सुविधा सुनिश्चित की गई है, जिससे कृषि यंत्रों एवं उपकरणों के संचालन हेतु आवश्यक पेट्रोल, डीजल अथवा अन्य ईंधन उपलब्ध हो सकेगा। इससे कृषकों को पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों एवं अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी।
इस व्यवस्था के अंतर्गत कृषक अपने संबंधित न्याय पंचायत प्रभारी (कृषि) से प्रमाणित मांग पत्र प्राप्त कर पेट्रोल पंपों से ईंधन प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रक्रिया से वास्तविक कृषकों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध होगा तथा कृषकों के नाम पर अनधिकृत रूप से ईंधन लेने वालों पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
संबंधित पेट्रोल पंप संचालक उक्त मांग पत्र को कार्यालय अभिलेख के रूप में सुरक्षित रखेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने जनपद के समस्त कृषक बंधुओं से इस व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसानों को ईंधन प्राप्त करने में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे वास्तविक कृषकों को समय पर और सुगमता से ईंधन उपलब्ध हो सकेगा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने समस्त न्याय पंचायत प्रभारी (कृषि) को निर्देशित किया है कि कृषक बंधुओं के मांग पत्रों को अग्रसारित करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त यदि किसी कृषक बंधु को मांग पत्र प्राप्त करने अथवा ईंधन उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे जिला आपदा परिचालन केंद्र चम्पावत के टोल फ्री नंबर 05965-230819, 05965-230703, 1077, 7895318895, 7579060090 एवं 9528135726 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
Jaya punetha editor in chief ।




