चंपावत
*ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु चम्पावत में चला व्यापक सफाई अभियान*
*सड़क निर्माण एजेंसियों ने मोटर मार्गों पर किया झाड़ी कटान व मलबे का निस्तारण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक उन्मूलन पर दिया बल*
माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद चम्पावत में विभिन्न सड़क निर्माण एजेंसियों द्वारा विशेष स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के कुशल दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस जनपदव्यापी अभियान के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं ने खंड के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मोटर मार्गों पर व्यापक स्तर पर सफाई और झाड़ी कटान का कार्य संपादित किया।
अभियान के दौरान संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों द्वारा मुख्य मार्गों व सड़कों के किनारों पर एकत्र मलबे की सफाई की गई तथा दृष्टिबाधा उत्पन्न करने वाली झाड़ियों को काटकर यातायात को सुगम व सुरक्षित बनाया गया।
मोटर मार्गों के साथ-साथ संस्थाओं के कार्यालय परिसरों में भी निरंतर स्वच्छता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, स्वच्छता को एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे एक निरंतर चलने वाली दैनिक प्रक्रिया के रूप में स्थापित किया जा रहा है, ताकि शासकीय कार्य संस्कृति में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिल सके।
मंगलवार को आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान की श्रृंखला में कार्यालय परिसरों में पर्यावरण संरक्षण और जन जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसके तहत प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के पूर्ण उन्मूलन पर जोर देते हुए विभागीय कार्मिकों तथा दैनिक कार्यों के लिए आने वाले आम आगंतुकों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
उपस्थित सभी लोगों से दैनिक जीवन तथा शासकीय कार्यों में प्लास्टिक का उपयोग न करने का आह्वान किया गया, जिससे जनपद को पूर्णतः स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सके।
इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंपावत मोहन पलड़िया, लोहाघाट हितेश कांडपाल, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता सहित सभी अभियंता वह अन्य उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




