चम्पावत, 26 सितम्बर 2025
*जिला गंगा समिति के नेतृत्व में गंडक नदी की वृहद सफाई अभियान – ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ में शहरवासियों ने किया सक्रिय योगदान*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिला गंगा समिति, चंपावत के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत चंपावत शहर के समीप गंडक नदी के तट पर एक व्यापक सफाई अभियान आयोजित किया गया।
गंडक नदी, जो क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण जल स्रोत है, की स्वच्छता और पवित्रता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल आयोजित की गई। अभियान के दौरान नदी तट और आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा, पॉलीथीन और अन्य अपशिष्ट पदार्थ हटाए गए।
जिला गंगा समिति ने इस अभियान का नेतृत्व करते हुए स्थानीय समुदाय को नदियों और जल संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। स्कूली छात्रों की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही, जिन्होंने श्रमदान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व को स्पष्ट किया।
सारा चंपावत की टीम और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने मिलकर यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास से ही पर्यावरणीय लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। उत्तराखंड वन विभाग के अधिकारियों ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिला गंगा समिति ने सभी चंपावत वासियों से अपील की है कि वे नदियों की पवित्रता बनाए रखने और उन्हें प्रदूषण से बचाने में अपनी जिम्मेदारी समझें और सक्रिय सहयोग करें। यह अभियान केवल एक दिन की पहल नहीं, बल्कि सतत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अभियान में वन विभाग, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, सारा चंपावत की टीम, स्थानीय निवासी और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
