चंपावत 27 सितम्बर 2025
*जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में चंपावत ने बीस सूत्री कार्यक्रम में लगातार दूसरे माह भी प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व एवं सतत निगरानी के फलस्वरूप जनपद चंपावत ने बीस सूत्री कार्यक्रम में लगातार दूसरे माह भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि इस माह जनपद ने पिछले माह की तुलना में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी उपलब्धि को और सुदृढ़ किया है।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्री दीप्कीर्ति तिवारी ने जानकारी दी कि जुलाई माह में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब अगस्त माह में भी जनपद चंपावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अर्थ एवं संख्या निदेशालय, नियोजन विभाग, उत्तराखंड शासन द्वारा जारी अगस्त माह के क्रमिक प्रतिवेदन के अनुसार –
30 मदों में श्रेणी ‘A’ (100 प्रतिशत उपलब्धि)
8 मदों में श्रेणी ‘B’ (80% से अधिक)
1 मद में श्रेणी ‘C’, 2 मदों में श्रेणी ‘D’ प्राप्त हुए हैं।
कुल 41 रैंकिंग मदों में जनपद चंपावत को 126 अंकों में से 108 अंक प्राप्त हुए, जो 85.71 प्रतिशत उपलब्धि दर्शाता है। वहीं, 76.74 प्रतिशत के साथ जनपद उधम सिंह नगर द्वितीय तथा 76.67 प्रतिशत के साथ जनपद बागेश्वर तृतीय स्थान पर रहा।
इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर तक बैठे आमजन तक समयबद्ध रूप से पहुँच सके।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों की योजनाओं के मासिक अनुश्रवण एवं कार्यान्वयन का आकलन किया जाता है, जिसके आधार पर राज्य स्तर पर विस्तृत प्रतिवेदन जारी किया जाता है।
Jaya punetha editor in chief ।




